न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के प्रथम DGP शिवाजी महान कैरे का निधन सोमवार (4 सितंबर) को हो गया. वह 1967 बैच के IPS अधिकारी थे. दिवंगत कैरे के आकस्मिक निधन पर झारखंड पुलिस मुख्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया. इसमें झारखंड पुलिस के सेवानिवृत और वर्तमान IPS अधिकारियों ने उनके साथ बीताये गए समय को सहकर्मियों के साथ साझा किया.
बता दें कि झारखंड राज्य के स्थापना काल के दौरान इन्हें 12 नवम्बर 2000 को झारखंड राज्य का प्रथम पुलिस DGP बनने का गौरव प्राप्त हुआ. इसके बाद इन्हें महानिदेशक निगरानी के पद पर स्थानांतरित किया गया, जहां से वह नवम्बर 2002 तक कार्यरत रहे. इसके बाद इन्हें महानिदेशक सह महासमादेष्टा गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा बनाया गया जहां कैरे वर्ष 2004 तक अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया. दोबारा इन्हें वर्ष 2004 में झारखंड का DGP एवं पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया.