न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा जेल में रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने छापेमारी की. किसी भी तरह की आपात स्थिति से बचने के लिए बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे. उनके नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया. जेल के अंदर सघन जांच हुई.
जेल के अंदर हुई सघन जांच,जेल आईजी को भेजा जाएगा विस्तृत प्रतिवेदन
धनबाद के मांडर जेल परिसर के अंदर हुए हत्याकांड के बाद से जेलों के अंदर प्रशासन को मुस्तैद रखा जा रहा है. इस सिलसिले में जेल के अंदर प्रत्येक वार्ड, सेल और अस्पताल की जांच की गई. जांच दल ने कैदियों के लिए खाने की व्यवस्था की जानकारी ली. भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए फ़ूड सैंपल कलेक्ट किये गए. इस दौरान लगभग 200 कैदियों का बयान दर्ज किया गया. जेल आईजी को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा जाएगा.
उपायुक्त, राँची राहुल कुमार सिन्हा के नेतृत्व में हुई छापेमारी
उपायुक्त, राँची राहुल कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार का औचक निरीक्षण किया गया. इस टीम में अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), रांची राजेश्वरनाथ आलोक, कार्यपालक दण्डाधिकारी श्री संजय प्रसाद, आवासीय दण्डाधिकारी, हटिया स्मृति कुमारी, डॉ अनिल कुमार खेतान, चिकित्सक सदर अस्पताल रांची, अरुण कुमार प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राँची, संतोष कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अनगड़ा एवं सजल श्रीवास्तव, फूड सेफ्टी कार्यालय शामिल थे। जांच में सहयोग के लिए दल में 20 सब इंस्पेक्टर तथा 50 पुलिसकर्मी भी शामिल थे.