संतोष श्रीवास्तव/न्यूज 11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय ने झारखंड सरकार पर मेदिनीनगर के गरीब सफाईकर्मियों का शोषण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जो कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर शहर और घरों की गंदगी साफ करते हैं, उनके घरों में पिछले तीन महीने से चूल्हा नहीं जल रहा है, क्योंकि उन्हें वेतन नहीं मिला है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भोला पांडेय ने कहा कि पूर्व नगर आयुक्त जावेद हुसैन को उप विकास आयुक्त बनाकर पदोन्नत करने के बाद से नगर आयुक्त का पद खाली पड़ा है, जिससे नगर निगम बेहाल स्थिति में है। उन्होंने झारखंड सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकार सो रही है?
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि मेदिनीनगर नगर निगम के सफाईकर्मियों का बकाया वेतन जल्द से जल्द भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे मजबूर होकर उग्र आंदोलन करेंगे.