न्यूज11 भारत
रांची: झारखंड के कई जिलों में आज मंगलवार को गर्मी ज्यादा रहेगी. तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ लू भी चलेगी. राज्य के कई जिलों में अधिकतम पारा 40 डिग्री पर पहुंच गया. कई जिलों में तो यह 40 के पार पहुंच गया हैं. रांची मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के 16 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार रहेगा. गढ़वा, पलामू, चतरा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई हैं. कोडरमा, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, देवघर, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक, जबकि लातेहार, हजारीबाग, गिरिडीह में 40 डिग्री सेल्सियस तक और लोहरदगा, गुमला, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम में 39 डिग्री और रांची, खूंटी, बोकारो, सिमडेगा में 38 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहेगा.
बढ़ती गर्मी को लेकर अस्पतालों को किया अलर्ट
बता दें, रांची में बढ़ती गर्मी व तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों को अलर्ट रहने को निर्देश दिया हैं. खासकर बच्चों के लिए ध्यान देने की जरूरत हैं. आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए उचित भोजन की व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया गया. जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नवजात शिशु देखभाल में खराब प्रदर्शन करने वाले केंद्रों को सुधार करने के सख्त निर्देश दिया गया हैं.