न्यूज11 भारत
रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज, बुधवार को देवघर आ रही हैं. राष्ट्रपति अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे की शुरूआत द्वादश ज्योतिर्लिंगों में सर्वश्रेष्ठ कामनालिंग बाबा वैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर करेंगी. बता दें, झारखंड में यह दूसरी बार हैं, जब राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी का दौरा करेंगी. झारखंड आने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू 24 मई को सबसे पहले देवघर एयरपोर्ट पर उतरकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को मंदिर जाएंगी. मंदिर में बाबा बैद्यनाथ का दर्शन के बाद उसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देवघर से रांची एयरपोर्ट पहुंचेगी. बता दें, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड आगमन के ही दिन यानी आज झारखंड के नवनिर्मित हाईकोर्ट भवन का उद्घाटन करेंगी. उसके बाद कल यानी 25 मई को नामकुम में निर्मित ट्रिपल आईटी के कन्वोकेशन में भी शामिल होंगी. तो चलिए जानते हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिनों तक क्या-क्या कार्यक्रम तय है.
24 मई का कार्यक्रम
सुबह 8:55 में राष्ट्रपति हवाई यात्रा कर देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचेगी.
9:30 से 10:10 तक बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना.
11:20 में देवघर से रांची के लिए रवाना होंगी.
12:00 बजे रांची एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का आगमन होगा.
12:10 में एयरपोर्ट से बिरसा चौक स्थित बिरसा मुंडा स्मारक स्थल के लिए रवाना होगीं.
12:20 से तक बिरसा चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी.
12:30 बजे बिरसा चौक से अल्बर्ट एक्का चौक के लिए होंगी रवाना.
12:40 से 12:50 तक अल्बर्ट एक्का चौक पर माल्यार्पण करेंगी राष्ट्रपति.
13:10 में राजभवन में राष्ट्रपति होगा आगमन.
4:00 बज कर 40 मिनट में राजभवन से झारखंड हाईकोर्ट के लिए होंगी रवाना.
5:00 से 6:00 झारखंड हाई कोर्ट के नए बिल्डिंग का उद्घाटन कार्यक्रम में रहेगीं.
6:10 में राजभवन वापस लौटेंगी राष्ट्रपति.
25 मई का कार्यक्रम
सुबह 8:45 में राजभवन से हेलीपैड के लिए होंगी रवाना.
9:10 में चौपर से राष्ट्रपति खूंटी के लिए रवाना होंगी.
मिनिस्ट्री आफ ट्राईबल अफेयर्स भारत सरकार के द्वारा बिरसा कॉलेज खूंटी में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति करेंगी शिरकत.
12:45 में वापस राजभवन लौटेंगी राष्ट्रपति.
दोपहर 3:30 में सड़क मार्ग से राष्ट्रपति जाएंगी ट्रीपल आईटी, कन्वोकेशन कार्यक्रम में होंगी शामिल.
शाम 5.20 में वापस राजभवन लौटेंगी राष्ट्रपति.
26 मई का कार्यक्रम
सुबह 10:45 में राजभवन से रांची एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी राष्ट्रपति
सुबह 11:10 में राष्ट्रपति दिल्ली के लिए होंगी रवाना
राजधानी के इन इलाकों में रेड जोन घोषित
ड्रोन नियम 2021 के तहत प्रदत्त शक्ति बल का प्रयोग करते हुए जिला एसएसपी की ओर से राजभवन से 02 किलोमीटर परिधि क्षेत्र इसके अलावे धुर्वा स्थित झारखंड के नव निर्मित उच्च न्यायालय बिल्डिंग से 02 किमी और जे.यू.टी. (आईआईआईटी) नामकुम से 02 किलोमीटर की परिधि क्षेत्र पर अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है. वहीं बिना अनुमति के पूर्व रेड जोन में ड्रोन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा यानी रेड जोन में किसी भी तरह के कोई व्यक्ति सक्षम पदाधिकारी के बिना पूर्व अनुमति ड्रोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर 3 जिले अलर्ट पर
इधर, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर देवघर, खूंटी और रांची यानी तीनों जिले के प्रशासन की तैयारी पूरी हो चुकी है. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची एयरपोर्ट भी पूरी तरह तैयार हैं. राष्ट्रपति अपने विशेष विमान से सबसे पहले देवघर एयरपोर्ट पर उतरेगी फिर वहां से 24 मई को ही रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन भी तैयारी में लग गया है.
खूंटी में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति
बता दें, 25 मई को राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर द्वारा खूंटी पहुंचेंगी जहां वे खूंटी के बिरसा कॉलेज मैदान में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी. जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति के पिछले दौरे में यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था.