आसिफ नईम/न्यूज11भारत
रांची : कोरोना की वजह से स्थगित हुए आईपीएल के बचे हुए सभी मैच United Arab Emirates (UAE) में खेले जाएंगे. इंडियन प्रीमियर लीग-2 यूएई (UAE) में 19 सितंबर से फिर से शुरू होगी. यूएई में मैच खेलने को लेकर टीमों ने अपना अभ्यास शुरू कर दिया है. झारखंड के तेज गेंदबाज देवघर के शुभम सिंह मुंबई इंडियंस के बॉलिंग टीम में शामिल हुए हैं. शुभम नेट में मुंबई के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को अपनी गेंद से डराएंगे. शुभम ने यूएई में मुंबई टीम के साथ नेट में प्रैकिटस करना शुरू कर दिया है. शुभम अंडर-23 और विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड की ओर से खेल चुके हैं. वे एक उभरते हुए युवा गेंदबाज हैं.
मुंबई इंडियंस में झारखंड के सबसे ज्यादा खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस के टीम में झारखंड के सबसे ज्यादा खिलाड़ी शामिल हैं. इनमें विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन, सौरभ तिवारी, अनुकूल राय के अलावा शुभम मुंबई टीम में है. वहीं झारखंड के उत्कर्ष सिंह पंजाब में, हैदराबाद में शाहबाज नदीम व विराट सिंह और राजस्थान रॉयल्स में वरुण आरोन टीम में हैं. रांची के शुभम सिंह विराट कोहली की बंगलुरु में नेट पर अपनी गेंद से बल्लेबाजों को प्रैक्टिस करा रहे हैं.
Mumbai Indians और CSK में झारखंड के 4 खिलाड़ी शामिल
19 सितंबर को यूएई में आईपीएल-2 का मैच मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा. इस मैच में झारखंड के कई खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान और झारखंड के महेंद्र सिंह धोनी के अलावा मुंबई से ईशान किशन, अनुकूल राय और सौरभ तिवारी अपना जलवा दिखाएंगे.