राजनीतिPosted at: अक्तूबर 04, 2021 प्रियंका के गिरफ्तारी के विरोध में योगी सरकार का पुतला दहन
प्रियंका गांधी की लोकप्रियता से योगी सरकार घबरा गई है : राजेश ठाकुर
रांची: प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी और अविलंब रिहा करने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस द्वारा अल्बर्ट एक्का चौक में प्रदर्शन किया गया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में एक जुलूस कांग्रेस भवन से निकाला गया. जो अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा जहां पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ जोगी का पुतला दहन किया गया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जब पीड़ित किसानों से मिलने जा रही थी. तब उन्हें भाजपा नीत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जबरन रोका गया, धक्का - मुक्की की गई एवं उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि भाजपा और योगी सरकार प्रियंका गांधी की लोकप्रियता से घबरा गई है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आप किसी को कहीं जाने और मिलने से रोक नहीं सकते हैं. मगर प्रियंका गांधी को ना केवल जाने से रोका गया. बल्कि उसके साथ यूपी पुलिस ने धक्का-मुक्की किया जो ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका गांधी को जल्द से जल्द रिहा नहीं किया जाता है तो कांग्रेस अपना आंदोलन और तेज करेगी.इस मौके पर कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे.