न्यूज11 भारत
रांचीः फरवरी महीने में बढ़ती गर्मी से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि इस गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है. झारखंड मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में मौसम करवट बदलने की मूड में है. विभाग ने बताया है कि होली आगमन के साथ मौसम बदलने का संकेत दे रहा है.
बता दें, विभाग की ओर से बताया गया है कि होली के दो दिन पहले आसमान में बादल छा सकते हैं. इस बीच झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बूंदा-बांदी बारिश होने की संभावना है. मौसम के इस बदलते मिजाज के साथ प्री-मानसून गतिविधियां भी शुरू हो जाएगी. इससे राज्य के तापमान में हल्का बदलाव देखा जा सकता है.
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि होली के दौरान मौसम बदलाव के साथ ही राज्य में प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू होगी. और इसके साथ ही झारखंड के कुछ हिस्सों में बादलों के गड़गड़ाहट की संभावना है.
जमशेदपुर और मेदिनीनगर का तापमान सबसे अधिक
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस दशक में फरवरी माह की गर्मी को सबसे गर्म दर्ज किया गया है. पिछले दस सालों की तुलना में इस वर्ष तापमान सबसे ज्यादा रहा है. वहीं, सबसे ज्यादा तापमान जमशेदपुर और मेदिनीनगर का रहा है.
बता दें, फरवरी के महीने में जमशेदपुर में 32.5 और मेदिनीनगर में 31.9 डिग्री तापमान रहा है. और बात करें राजधानी रांची की तो रांची का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया है. जो इस दशक का (2014-23) दूसरा सबसे अधिक औसत तापमान है.