रांची: झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार को बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है. तेज गर्मी के बाद लोगों को इससे राहत भी मिली है. मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अप्रैल को भी कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
वहीं, कई इलाकों में सिर्फ बादल छाये रहेंगे. केंद्रीय मौसम विभाग के अभिषेक आनंद के अनुसार उत्तर-पूर्वी में निम्न दवाब का क्षेत्र बन गया है. इससे कहीं-कहीं हल्के व मध्यम दर्जे के बादल छाये हुए हैं. जानकारी के अनुसार, कई जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है.
रांची के तापमान में आयेगी गिरावट
रांची का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था. मौसम विभाग के अनुसार और लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- दुनियाभर में Covid-19 का कहर जारी, Corona Vaccine लगाने की मुहीम तेज
जमशेदपुर का शुक्रवार का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री व डालटनगंज का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. डालटनगंज में गुरुवार को 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था. पिछले एक सप्ताह के दौरान गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल था, जिससे कि कुछ दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद है.