देश में मौसम का रुख एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. कई राज्यों में तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है तो कहीं भारी बारिश, भूस्खलन व धूलभरी आंधी की चेतावनी जारी की गई है. वहीं बिहार और झारखंड के मौसम का हाल भी कुछ ऐसा ही है.
दिल्ली में उमस भरी सुबह
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार सुबह मौसम उमस भरा रहने के साथ ही हवा में आर्द्रता का स्तर 85 प्रतिशत दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिक ने दिन में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है.
धूल भरी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार आज राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में धूल भरी हवाएं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से) चलने के आसार हैं.
उत्तर बिहार में गर्मी बढ़ने आशंका
बिहार में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. उत्तर बिहार में भी गर्मी बढ़ने की आशंका है. इन मौसमी दशाओं के चलते अप्रैल में प्री मॉनसून की परिस्थितियां बनने की संभावना बन गयी है.
झारखंड में मौसम शुष्क रहेगा
झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. अधिकतम तापमान गिर सकता है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी रह सकती है. तीन और चार अप्रैल को आसमान में बादल रह सकते हैं. अभिषेक आनंद (वरीय वैज्ञानिक, मौसम केंद्र रांची) ने यह जानकारी दी है.