रांची/नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएआई) के नए अध्यक्ष चुने गए. अर्जुन मुंडा ने विपक्षी बीवीपी राव को 34-18 वोटों के अंतर से हराया. अर्जुन मुंडा का कार्यकाल चार वर्षों का होगा. वहीं, हरियाणा के कैप्टन अभिमन्यू शर्मा ने उपाध्यक्ष का पद हासिल किया है, जबकि उत्तराखंड के राजेंद्र सिंह तोमर कोषाध्यक्ष के पद पर चुने गए. दिल्ली हाइकोर्ट के निर्देश पर भारतीय तीरंदाजी महासंघ का चुनाव शनिवार को नई दिल्ली में हुआ. अर्जुन मुंडा ने पिछले साल भी इस पद के लिए दावेदारी की थी, लेकिन तकनीकी कारणों से उनका नामांकन रद्द हो गया था.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का तीरंदाजी से जुड़ाव रहा है. मुंडा के प्रयास से 2006 में सरायकेला के दुगुनी में झारखंड सरकार कल्याण विभाग की ओर से तीरंदाजी एकेडमी की स्थापना की गई थी. यहां विशेषकर जनजातीय तीरंदाजों को तराशा जाता है. मुंडा के प्रयास से खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में भी एक तीरंदाजी सेंटर चलता है. सरायकेला-खरसावां जिला तीरंदाजी संघ की कमान अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा संभाल रही है.