फलक शमीम/न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: राजधानी राँची में इंडी गठबंधन द्वारा रविवार को उलगुलान न्याय महारैली का आयोजन किया गया था. ऐसे में इस कार्यक्रम में झारखंड राज्य के अलावा अन्य राज्यों से भी लोग पहुंचे. वहीं हजारीबाग से भी सैकड़ों की संख्या में लोगो को रांची ले जाया गया. इसी बीच कार्यक्रम में आधी आबादी की उपस्थिति ज्यादा से ज्यादा दर्ज कराने को लेकर हजारीबाग से पैसे और खाने का प्रलोभन देकर 2 बसों में महिलाओं को ले जाया गया. हालांकि पैसे तो दूर की बात सभी महिलाओं को खाना-पानी तक कार्यक्रम में नहीं मिला. इधर भूखी प्यासी जब महिलाओं से भरी बस हज़ारीबाग़ पहुंची तो महिलाओं का गुस्सा उनके चेहरे से ही झलक रहा था. रात तकरीबन 11:45 बजे रांची से महिलाओं से भरी बस हजारीबाग पहुंची तो महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर देखने को मिला. महिलाओं ने बताया कि सुबह 8 बजे ही महिलाओं को बस में बैठा कर रांची की ओर ले जाया गया, जहां रांची की दूरी हजारीबाग से करीब 2 घंटे की है तो वहीं इन्हें 6 घंटे में भूखें प्यासे रांची पहुंचाया गया. कार्यक्रम के बाद भी खाने को ना कुछ दिया गया ना ही पानी पिलाया गया.
महिलाओं को नहीं था मालूम की रांची में राजनीतिक कार्यक्रम है
हजारीबाग सदर प्रखंड मंडाई क्षेत्र की रहने वालीं राबिया खातून बताती है कि उन्हें जानकारी दी गई थी की नगर निगम द्वारा कोई मिटिंग है रांची में, जिसे लेकर वो रांची जाने के लिए हामी भरते हुए सुबह 8 बजे बस में आकर बैठ गई थी. उन्होंने आगे बताया कि जिसने उन महिलाओं को रांची ले जाने और पैसे दिलाने का आश्वासन दिया था. उसने भी अपना मोबाइल बंद कर दिया था. महिलाओं का कहना है कि न ही उन्हें नास्ता मिला न ही खाना और न ही पैसे मिले, आगे अन्य महिलाओं ने बताया कि कई महिलाएं अपने साथ बच्चों को भी लेकर गई थी. भूख और गर्मी के कारण बच्चों की तबीयत भी खराब हो गई.
जो हुआ हमारे साथ वो ना हो और किसी के साथ
रांची से जब भूखी प्यासी महिलाओं से भरी बस हजारीबाग पहुंची तो गुस्साई महिलाओं ने अपना दर्द तो बयां किया ही, साथ ही अन्य लोगों से ऐसे झांसे में न फंसने की अपील भी की.