रांचीः राजधानी रांची में रविवार को सुबह से आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं. वहीं आसपास के इलाकों में सुबह छह बजे के आसपास हल्की बारिश भी हुई है. हालांकि मौसम विभाग के द्वारा बताया गया है कि आज झारखंड में राजधानी रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ ही कहीं-कहीं वज्रपात भी हो सकती है. विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
वर्तमान में मानसून का एक टर्फ लाइन मध्यप्रदेश, बिहार और झारखंड के ऊपर फैला हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में उत्तर पूर्व में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसके 20 सितंबर तक पूर्ण रूप से विकसित होने की संभावना है. इसके साथ ही एक कम दबाव का चक्रवातीय क्षेत्र बिहार, झारखंड और ओडिशा के ऊपर बना हुआ है. इसका असर राज्य में देखने को मिल रहा है.
वहीं, शनिवार को राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य रही. राज्य में सबसे ज्यादा बारिश खूंटी के तोरपा में 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. इसके अलावा रामगढ़ में 50 मिमी, सिमडेगा में 30 मिमी, और रांची में 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान भी रांची का 22.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान मेदिनीनगर का 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. रविवार को भी राज्य में तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है.