राज्य और क्षेत्र के विभिन्न गंभीर मसलों पर कराया ध्यान आकृष्ट, विस्थापितों के हक अधिकार को किया जा रहा है अनदेखा: अंबा प्रसाद
प्रशांत शर्मा/न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद और पूर्व विधायक उनके पिता योगेंद्र साव ने बुधवार को रांची में अलग अलग राहुल गांधी और मुख्यमंत्री चंपई सोरेन से मुलाकात कर विस्थापितों की समस्याओं से अवगत कराया. बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का रांची एयरपोर्ट पर स्वागत कर भेंट की. इस दौरान विधायक अंबा प्रसाद को आगामी लोकसभा चुनाव पर राहुल गांधी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ और अंबा प्रसाद ने इस दौरान उन्हें विश्वास दिलाया कि इस लड़ाई में हम सभी सड़क से लेकर सदन तक आपके साथ मजबूती से खड़े है. अंबा प्रसाद ने इस दौरान बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र वासियों के विस्थापन के मुद्दे पर अवगत कराते हुए विस्थापितों के साथ केंद्र सरकार मनमानी कर रही है विस्थापितों के हक अधिकार को अनदेखा किया जा रहा है.
इस दौरान विधायक ने राज्य और क्षेत्र के विभिन्न गंभीर मुद्दों से अवगत कराया. वहीं सहारा इंडिया में देश के लाखों-करोड़ों लोगों के जमा पूंजी फंसे होने पर गहरी चिंता जताई. इस दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, रांची लोकसभा सीट से प्रत्याशी यशस्विनी सहाय, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद रहे.
दूसरी ओर उनके पिता पूर्व विधायक योगेंद्र साव ने बुधवार को देर शाम मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की. इस दौरान पूर्व मंत्री ने बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया. पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री से विस्थापन के मुद्दे पर विशेष ध्यान देने एवं विस्थापन आयोग के गठन करने की बात कही.
मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में एवं सार्वजनिक मंच से कई बार विस्थापन आयोग गठन करने पर अपनी सहमति प्रदान की है. पूर्व मंत्री ने कहा कि यह सरकार जल जंगल जमीन से जुड़ी सरकार है इसीलिए विस्थापितों को न्याय दिलाने के लिए शीघ्र ही विस्थापन आयोग का गठन किया जाए. वहीं पूर्व मंत्री ने राज्य एवं विधानसभा क्षेत्र के कई गंभीर विषयों पर चर्चा की, इस दौरान उन्होंने बढ़ते अपराध एवं विधानसभा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में तेजी आने पर चिंता जताते हुए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया